
हाल ही में 12वीं कक्षा के अकाउंट्स प्रश्न पत्र की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस प्रश्न पत्र की सबसे खास बात यह है कि इसमें पारंपरिक A, B और C की जगह फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ (धुरंधर 2) के किरदारों के नामों का इस्तेमाल किया गया है।
प्रश्न पत्र में जमील जमाली, एसपी चौधरी, असलान और यालिना जैसे किरदारों को उदाहरण बनाकर पार्टनरशिप और प्रॉफिट शेयरिंग से जुड़े सवाल पूछे गए हैं। एक सवाल में इन चारों को एक फर्म के पार्टनर बताया गया है और एसपी चौधरी के रिटायर होने पर नया प्रॉफिट शेयरिंग रेशियो निकालने को कहा गया है।
वहीं, दूसरे प्रश्न में अजय सान्याल और सुशांत बंसल के साथ मोहम्मद आलम को नए पार्टनर के रूप में शामिल कर जर्नल एंट्री तैयार करने को कहा गया है, जिसमें कैपिटल और गुडविल का जिक्र भी है।
हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह प्रश्न पत्र किस शिक्षा बोर्ड से संबंधित है, लेकिन यह मामला इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इसे देखकर हैरानी जता रहे हैं और मजाकिया अंदाज में कह रहे हैं कि अकाउंट्स के शिक्षक भी फिल्म के बड़े प्रशंसक निकले।
फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’, जिसे आदित्य धर ने निर्देशित किया है, हाल ही में रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। फिल्म ने कम समय में ही वैश्विक स्तर पर 1000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली, जिससे इसका प्रभाव दर्शकों के बीच काफी गहरा दिखाई दे रहा है।
इस घटना से यह भी साफ होता है कि पॉप कल्चर का प्रभाव अब शिक्षा के क्षेत्र में भी देखने को मिल रहा है। शिक्षकों द्वारा इस तरह के उदाहरणों का इस्तेमाल पढ़ाई को अधिक रोचक और छात्रों के लिए आसान बनाने की दिशा में एक नया प्रयोग माना जा रहा है।
