
खन्ना पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी मुहिम को तेज करते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया के नेतृत्व में पुलिस ने विभिन्न मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत नष्ट किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 135 मामलों की केस प्रॉपर्टी को आज सुरक्षित और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत खत्म किया गया। यह कार्रवाई मानसा पुलिस लाइन में स्थित सरकारी इंसीनेरेटर में पूरी की गई।
नष्ट की गई मादक सामग्री में 137 किलो 300 ग्राम भुक्की, 3 किलो गांजा, 1 किलो 568 ग्राम 90 मिलीग्राम हेरोइन, 5 ग्राम नशीला पाउडर, 20.50 ग्राम मॉर्फिन, 11,160 नशीली गोलियां, 180 कैप्सूल, 14 बोतलें और 106 खाली कपड़े के बैग शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट और संबंधित एजेंसियों की गाइडलाइंस के अनुसार की गई, ताकि जब्त किए गए नशीले पदार्थों का सुरक्षित और कानूनी निपटारा सुनिश्चित किया जा सके।
एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने कहा कि खन्ना पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। उन्होंने आम जनता से अपील की कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
