
खन्ना में नई वार्डबंदी (डिलिमिटेशन) के तहत आम आदमी पार्टी ने नगर कौंसिल चुनावों को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पार्टी ने शहर के विभिन्न वार्डों के लिए इंचार्जों की पहली सूची जारी कर दी है। यह सूची कैबिनेट मंत्री तरूणप्रीत सिंह सौंध और ब्लॉक प्रधान अवतार सिंह की अगुवाई में जारी की गई।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध ने कहा कि सरकार की “घर-घर तक पहुंच” नीति को मजबूत करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि हर वार्ड में इंचार्ज नियुक्त करने का मकसद यह है कि लोगों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही तेजी से हो सके। उन्होंने सभी नियुक्त इंचार्जों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने वार्ड में सक्रिय रहकर जनता के काम प्राथमिकता के आधार पर करवाएं, ताकि लोगों को सरकार की कार्यशैली का सीधा लाभ मिल सके।
पार्टी के अनुसार, नई वार्डबंदी के तहत खन्ना में कुल 33 वार्ड बनाए गए हैं, जिनमें से फिलहाल 22 वार्डों में इंचार्ज नियुक्त किए गए हैं। जारी सूची के अनुसार वार्ड नंबर 2 से प्रदीप रत्न, वार्ड 3 से गुरदीप सिंह दीपू, वार्ड 4 से सुनील कुमार नीटा, वार्ड 5 से मनिंदर शर्मा (मणि) और वार्ड 6 से गुरमेल सिंह काला को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह वार्ड 10 से सुरिंदर कुमार बावा, वार्ड 11 से करुण अरोड़ा, वार्ड 12 से हरीश गुप्ता, वार्ड 13 से बलवंत सिंह लोहट, वार्ड 14 से परमप्रीत सिंह पोंपी और वार्ड 15 से हैप्पी मल्होत्रा को इंचार्ज बनाया गया है।
इसके अलावा वार्ड 17 से हरजीत सिंह भाटिया, वार्ड 18 से सुखमनजीत सिंह, वार्ड 23 से निधि गर्ग, वार्ड 24 से राजिंदर सिंह जीत, वार्ड 25 से राजन सिंह, वार्ड 26 से नरेश कुमार निशू कपिला, वार्ड 27 से गुरदीप कुमार (विक्की मशाल), वार्ड 28 से जितेंद्र पाठक, वार्ड 29 से नितिन शर्मा, वार्ड 32 से सरबजीत सिंह कालीराव और वार्ड 33 से करमजीत सिंह सिफ़्ती को जिम्मेदारी दी गई है।
इस मौके पर हलका संगठन इंचार्ज मास्टर अवतार सिंह भी मौजूद रहे। पार्टी कार्यालय, शनिदेव मंदिर के सामने, खन्ना से इस सूची को आधिकारिक रूप से जारी किया गया। नेताओं का कहना है कि आने वाले दिनों में बाकी वार्डों के लिए भी इंचार्ज नियुक्त किए जाएंगे और संगठन को और मजबूत किया जाएगा।
